शहीद तिलका मांझी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, आदिवासी समुदाय में आक्रोश

चांडिल, 04 जुलाई : चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चिलगु मोड़ पर स्थापित स्वतंत्रता सेनानी शहीद तिलका मांझी की प्रतिमा को बीती रात अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। जानकारी के अनुसार प्रतिमा के नाक को जानबूझ कर किसी भारी वस्तु या औजार से तोड़ा गया है, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है।
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना की जानकारी सुबह होते ही क्षेत्र में तेजी से फैल गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी और स्थानीय सामाजिक संगठन, आदिवासी नेता एवं युवाओं में गहरा आक्रोश देखने को मिला। शहीद तिलका मांझी आदिवासी समाज के गौरव माने जाते हैं और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को लेकर क्षेत्र में गहरी आस्था है। ऐसे में उनकी प्रतिमा को क्षति पहुंचाना पूरे समुदाय की भावनाओं पर चोट के रूप में देखा जा रहा है।
घटना के विरोध में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा आपात बैठकें बुलाई जा रही हैं, जिसमें आगे की रणनीति और प्रशासन पर दबाव बनाने की योजना पर चर्चा हो रही है। लोगों की मांग है कि दोषियों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और प्रतिमा की मरम्मत अविलंब कराई जाए।

समाज में आक्रोश और एकता का संदेश
घटना के विरोध में एकता की भावना भी देखने को मिल रही है। विभिन्न जाति-समुदाय के लोग मिलकर इस कृत्य की निंदा कर रहे हैं और शहीद तिलका मांझी के सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट हो रहे हैं। आने वाले दिनों में इस मुद्दे को लेकर बड़े स्तर पर प्रदर्शन की भी संभावना जताई जा रही है।



