बांतानगर में बीमार बच्चे की मदद के लिए आगे आई श्री शनिदेव भक्त मंडली, इलाज हेतु 61 हजार की राशि प्रदान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

बांतानगर में बीमार बच्चे की मदद के लिए आगे आई श्री शनिदेव भक्त मंडली, इलाज हेतु 61 हजार की राशि प्रदान

आदित्यपुर, 29 जून : समाजसेवा की दिशा में एक और मिसाल पेश करते हुए श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) ने एक 12 वर्षीय बीमार बालक के इलाज का जिम्मा उठाया है। यह बच्चा, रामू दे, बांतानगर स्थित शनिदेव मंदिर के निकट अपने माता-पिता के साथ रहता है और बचपन से ही गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा है।

 

जानकारी के अनुसार, महज एक वर्ष की उम्र में तेज बुखार के चलते रामू के मस्तिष्क पर असर पड़ा, जिसके कारण उसकी सुनने, बोलने, समझने और चलने की क्षमता प्रभावित हो गई। पिता श्री मोहेश दे एक निजी उद्योग में कार्यरत हैं और अब तक अपनी सारी जमा पूंजी बेटे के इलाज में खर्च कर चुके हैं। आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण वे बच्चे का समुचित इलाज नहीं करा पा रहे थे।

 

इस मामले की जानकारी मंडली सदस्य दीपक कुमार के माध्यम से ट्रस्ट को हुई, जिसके बाद मंडली ने तत्परता दिखाते हुए रामू को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरो साइंस (NIMHANS), बेंगलुरु में इलाज के लिए भेजा। अभी तक मंडली द्वारा रामू के इलाज पर ₹61,000 की राशि खर्च की जा चुकी है। आगामी 6 महीनों की दवा के बाद पुनः रामू को बेंगलुरु भेजा जाएगा।

 

मंडली की ओर से आश्वासन दिया गया है कि इलाज के अंतिम चरण तक संस्था रामू और उसके परिवार के साथ खड़ी रहेगी।

 

इस अवसर पर मंडली के संस्थापक सदस्यों सहित अजय शंकर मंडल, सुधीर कुमार नायक, बिस्वदीप रॉय, रतन सिंह मुंडा, दीपक कुमार, मानिक गोराई, मास्टर अनिमेष गोराई, बिस्वजीत प्रामाणिक, देवब्रत सिंह कुशवाह, मिलन कांति सांतरा, मिलन बेरा, भीम महतो, सुमन सिन्हा, दिवाकर महतो एवं मोहेश दे उपस्थित रहे।

 

श्री शनिदेव भक्त मंडली ने समाज से अपील की है कि सभी लोग रामू के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करें और ऐसे पुनीत कार्यों में सहभागी बनें।

Share This Article