युवाओं का भविष्य निगल रही नकली लॉटरी, चांडिल में तेजी से फैल रहा अवैध कारोबार

Manbhum Updates
2 Min Read

युवाओं का भविष्य निगल रही नकली लॉटरी, चांडिल में तेजी से फैल रहा अवैध कारोबार

चांडिल, 07 मई : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में इन दिनों अवैध और नकली लॉटरी का कारोबार तेजी से पैर पसार रहा है। खासकर चांडिल बाजार और स्टेशन क्षेत्र इस गोरखधंधे का प्रमुख केंद्र बनते जा रहे हैं। कम समय में मोटी कमाई का सपना दिखाकर युवाओं को लॉटरी के जाल में फंसाया जा रहा है, जिसका असर अब समाज और परिवारों पर भी साफ दिखाई देने लगा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, चांडिल स्टेशन और बाजार इलाके में प्रतिदिन चोरी-छिपे नकली लॉटरी टिकटों की बिक्री हो रही है। कई युवक अपनी मेहनत की कमाई इस उम्मीद में दांव पर लगा रहे हैं कि एक दिन उनकी किस्मत बदल जाएगी, लेकिन अधिकांश लोगों को नुकसान और निराशा ही हाथ लग रही है। धीरे-धीरे यह लत युवाओं को आर्थिक संकट की ओर धकेल रही है। कई परिवार कर्ज और तनाव से जूझ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध लॉटरी का नेटवर्क लगातार मजबूत होता जा रहा है। खुलेआम टिकटों की बिक्री होने के बावजूद प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होने से कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं। लोगों का आरोप है कि बाजार और स्टेशन के आसपास कुछ स्थानों पर दिनभर इस तरह की गतिविधियां चलती रहती हैं।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने चिंता जताते हुए कहा कि नकली लॉटरी का यह कारोबार युवाओं के भविष्य को अंधकार की ओर ले जा रहा है। आसान पैसे की चाह में युवा मेहनत और रोजगार से दूर होते जा रहे हैं। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन तथा पुलिस से मांग की है कि चांडिल क्षेत्र में चल रहे अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं को इस जाल से बचाया जा सके और क्षेत्र में इस अवैध धंधे पर रोक लग सके।

Share This Article