गंगाराम अस्पताल में उमड़ा सियासी जमावड़ा, राष्ट्रपति मुर्मू, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी ने दी शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि

मानभूम अपडेट्स, डेस्क, 4 अगस्त : दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में झारखंड आंदोलन के प्रणेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन की खबर के बाद राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। सोमवार को दिनभर अस्पताल परिसर में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का तांता लगा रहा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वयं अस्पताल पहुंचीं और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिशोम गुरु के पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति ने कहा कि शिबू सोरेन का जीवन संघर्ष और समर्पण का प्रतीक रहा है, उनका योगदान झारखंड व देश की राजनीति में सदैव स्मरणीय रहेगा।

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं ने भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित किया।
सभी नेताओं ने शिबू सोरेन के निधन को देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
गौरतलब है कि शिबू सोरेन का आज सुबह निधन हो गया था। उनके पार्थिव शरीर को विशेष विमान से झारखंड लाया जाएगा। पूरे झारखंड में तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की गई है।



