आद्रा रेल मंडल में जनजातीय गौरव दिवस पर धरती आबा बिरसा मुंडा को किया नमन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

डीआरएम मुकेश गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम, बोकारो स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन

आद्रा, 13 नवंबर : जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती से पूर्व उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर मंडल में एक से 15 नवंबर तक विभिन्न जागरूकता, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके योगदान को याद किया जा रहा है।

इसी क्रम में शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, आद्रा के मंडलीय सम्मेलन कक्ष में डीआरएम मुकेश गुप्ता के नेतृत्व में विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रास्ट्रक्चर) अमित कंचन, अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन्स) खगेन्द्र नाथ घोष सहित विभिन्न विभागों के शाखा अधिकारी, एससी-एसटी एसोसिएशन के प्रतिनिधि एवं मंडलीय कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

वहीं, जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मंडल के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान, खेलकूद प्रतियोगिता, भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं संघर्ष पर आधारित प्रश्नोत्तरी और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके अलावा जनजातीय कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।

जनजातीय सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से बोकारो स्टील सिटी रेलवे स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। इन कार्यक्रमों में बच्चों, युवाओं एवं रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

आद्रा रेल मंडल की इस पहल का उद्देश्य जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास और परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के साथ नई पीढ़ी को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और राष्ट्रभक्ति से प्रेरित करना है।

Share This Article