
सड़क जाम और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन का फैसला, खरकाई पुल से कांड्रा तक लागू रहेगा प्रतिबंध – तीन स्थानों पर होगी निगरानी
आदित्यपुर, 13 नवंबर : आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव, जाम की समस्या और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब इस मार्ग पर प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 8:30 बजे तक भारी वाहनों (ट्रकों) के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। यह प्रतिबंध आदित्यपुर खरकाई पुल से कांड्रा तक लागू होगा।
इस संबंध में शुक्रवार को ऑटो क्लस्टर, आदित्यपुर के सभागार में नगर आयुक्त, आदित्यपुर नगर निगम एवं जिला परिवहन पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (ASIA) के अध्यक्ष एवं अन्य प्रतिनिधियों के अलावा यातायात पुलिस निरीक्षक, गम्हरिया थाना प्रभारी, आरआईटी थाना प्रभारी सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों, बाजारों एवं व्यस्त इलाकों में शाम के समय बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने माना कि इस दौरान भारी वाहनों की आवाजाही से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए आम लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए भारी वाहनों के परिचालन पर समयबद्ध प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।
तीन स्थानों पर होगी नो-एंट्री
निर्धारित समय में प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित कराने के लिए तीन स्थानों पर नो-एंट्री व्यवस्था लागू रहेगी। इनमें आदित्यपुर थाना क्षेत्र के ऑटो क्लस्टर टोल के समीप, गम्हरिया थाना क्षेत्र के पिंड्राबेड़ा और कांड्रा थाना क्षेत्र के कांड्रा टोल शामिल हैं।
संबंधित थाना प्रभारियों एवं यातायात पुलिस को नो-एंट्री व्यवस्था का सख्ती से अनुपालन कराने और नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से निर्धारित प्रतिबंधों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।



