
स्वर्णरेखा नदी के तेज बहाव और अत्यधिक गहराई को देखते हुए पुलिस ने लिया फैसला, 14 से 16 नवंबर तक घाट जाने वाले रास्ते पर रहेगी बैरिकेडिंग
चांडिल, 11 नवंबर : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चांडिल पुलिस ने इस बार एहतियाती कदम उठाया है। पिछले वर्ष स्वर्णरेखा नदी में डूबने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत की घटना को देखते हुए शहरबेड़ा स्थित विश्वास घाट को इस वर्ष छठ पूजा के लिए खतरनाक घोषित कर दिया गया है। पुलिस ने सुरक्षा कारणों से उक्त घाट पर छठ पूजा का आयोजन नहीं करने का निर्णय लिया है। साथ ही घाट की ओर जाने वाले रास्ते को 14 नवंबर से 16 नवंबर की सुबह के अर्घ्य तक बैरिकेडिंग लगाकर बंद रखा जाएगा।
बुधवार को पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार सिंह एवं चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने पूजा समिति के सदस्यों के साथ चांडिल थाना क्षेत्र के शहरबेड़ा स्थित स्वर्णरेखा नदी छठ घाट, शहरबेड़ा विश्वास घाट तथा जयदा मंदिर के समीप स्वर्णरेखा नदी छठ घाट का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान पूजा समिति के सदस्य रामायण यादव, मनोज राय सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नदी के जलस्तर, तेज जल प्रवाह, पानी की गहराई और घाटों पर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने पाया कि शहरबेड़ा स्थित विश्वास घाट पर नदी का बहाव काफी तेज है तथा पानी की गहराई भी अत्यधिक है। पिछले वर्ष इसी घाट पर डूबने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई थी। ऐसी दर्दनाक घटना की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से वरीय अधिकारियों के निर्णय से पूजा समिति को अवगत कराया गया।
पुलिस ने पूजा समिति के सदस्यों को निर्देश दिया कि वे स्थानीय ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं को विश्वास घाट की खतरनाक स्थिति के बारे में जागरूक करें तथा लोगों को वहां जाने से रोकें। 14 नवंबर से 16 नवंबर की सुबह के अर्घ्य तक घाट की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग रहेगी, ताकि श्रद्धालु वहां नहीं पहुंच सकें।
पुलिस की ओर से छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें तथा खतरनाक घोषित विश्वास घाट पर पूजा-अर्चना और अर्घ्य देने से परहेज करें।
पुलिस के इस निर्णय के साथ संदेश स्पष्ट है कि आस्था के महापर्व में सुरक्षा से कोई समझौता नहीं।



