पांच दिनों तक भागवत कथा से भक्तिरस में सराबोर होगा सरायकेला, रानी सती मंदिर में भव्य आयोजन की तैयारी

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

राजस्थान के प्रसिद्ध कथावाचक विकास चंद्र शास्त्री करेंगे श्रीमद्भागवत कथा का वाचन, प्रतिदिन संध्या 5 से 7 बजे तक होगा आयोजन – मंगसिर नवमी महोत्सव पर मंगल पाठ का भी होगा विशेष आयोजन

सरायकेला, 10 नवंबर : पुण्य कार्तिक मास के पावन अवसर पर सरायकेला में पांच दिनों तक भक्ति और आध्यात्मिकता की अविरल धारा बहेगी। शहर के श्री रानी सती मंदिर प्रांगण में पांच दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के भव्य आयोजन की तैयारी शुरू कर दी गई है। राजस्थान के प्रसिद्ध कथावाचक श्री विकास चंद्र शास्त्री जी (विकास महाराज) अपने श्रीमुख से श्रद्धालुओं को भागवत कथा का रसपान कराएंगे। इसके साथ ही श्री दादी जी का मंगसिर नवमी महोत्सव भी पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा।

आयोजन की तैयारियों को लेकर श्री रानी सती मंदिर प्रांगण में संजय सेक्सरिया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें मंदिर के सचिव सह नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति में दोनों धार्मिक आयोजनों को भव्य एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से पांच दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रतिदिन संध्या 5 बजे से शाम 7 बजे तक भागवत कथा का आयोजन होगा। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, भक्ति, प्रेम, धर्म और जीवन के आध्यात्मिक मूल्यों का वर्णन किया जाएगा। आयोजन के प्रत्येक दिन कथा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच भोजन प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा।

पांच दिनों के लिए निर्धारित किए गए यजमान

धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पांचों दिनों के लिए अलग-अलग यजमान निर्धारित किए गए हैं। प्रथम दिवस संजय सेक्सरिया, द्वितीय दिवस राजकुमार अग्रवाल, तृतीय दिवस अरुण सेक्सरिया, चतुर्थ दिवस जनक गोयल तथा पांचवें एवं अंतिम दिवस नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी यजमान की भूमिका निभाएंगे।

आयोजन को सफल बनाने के लिए सदस्यों के बीच जिम्मेदारियों का भी बंटवारा किया गया। भोजन प्रसाद की व्यवस्था अरुण सेक्सरिया एवं राजकुमार अग्रवाल संभालेंगे। वहीं व्यासपीठ की सजावट, विकास महाराज के आगमन तथा भजन-कीर्तन से संबंधित व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी मनोज कुमार चौधरी को सौंपी गई। पंडाल निर्माण, साज-सज्जा और श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था जनक गोयल एवं संजय सेक्सरिया के जिम्मे रहेगी।

मंगसिर नवमी पर होगा विशेष मंगल पाठ

बैठक में श्री दादी जी के मंगसिर नवमी महोत्सव को भी विशेष भव्यता के साथ मनाने का निर्णय लिया गया। महोत्सव के अवसर पर मंगल पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए गायिका को आमंत्रित करने सहित कार्यक्रम की तैयारियों और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नरेश अग्रवाल एवं रवि अग्रवाल को सौंपी गई।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। पांच दिवसीय भागवत कथा से सरायकेला का वातावरण भक्तिमय होगा और श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार एवं भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। वहीं मंगसिर नवमी महोत्सव दादी भक्तों को एकजुट होकर अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को उत्साहपूर्वक मनाने का अवसर प्रदान करेगा।

बैठक में मनोज कुमार चौधरी, संजय सेक्सरिया, अरुण सेक्सरिया, राजकुमार अग्रवाल, जनक गोयल, नरेश अग्रवाल, रवि अग्रवाल एवं सोहन सेक्सरिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने दोनों धार्मिक आयोजनों को भव्य, सफल और यादगार बनाने के लिए आपसी सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

Share This Article