
शिव मंदिर, रामगढ़ से भीमखंडा तक पर्यटन विकास की तैयारी, जिपलाइन, एडवेंचर झूले, सेल्फी प्वाइंट और आकर्षक लाइटिंग की सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव
सरायकेला, 06 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के पर्यटन स्थलों को विकसित कर पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने के साथ-साथ डैमों में बोटिंग, एडवेंचर गतिविधियां, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और पर्यटकों के विश्राम की सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इसके लिए उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव एवं प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया है।
शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पर्यटन संवर्धन समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले के अधिसूचित पर्यटन स्थलों सहित पूर्व से चिह्नित ग्रेड-ए, बी एवं सी श्रेणी के पर्यटन स्थलों पर उपलब्ध सुविधाओं और चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में शिव मंदिर, रामगढ़, करकेटा डैम, कुचाई तथा भीमखंडा के विकास पर विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने इन स्थलों की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमि, पर्यटकों की आवाजाही और विकास की संभावनाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए एप्रोच रोड, बैठने एवं विश्राम की व्यवस्था, गजीबो, जिपलाइन, एडवेंचर झूले, बोटिंग, आकर्षक लाइटिंग, सेल्फी प्वाइंट और दिशा-सूचक बोर्ड विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने पर्यटन स्थलों का सोशल मीडिया समेत विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक जिले की ओर आकर्षित हों।
तीन डैमों में बोटिंग शुरू करने की तैयारी
बैठक में सीतारामपुर डैम, पालना डैम और सतनाला डैम में बोटिंग की सुविधा विकसित करने का प्रस्ताव भी सामने आया। उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी-सह-जिला पर्यटन पदाधिकारी अमित कुमार को इन डैमों में बोटिंग संचालन की संभावनाओं का आकलन कर आवश्यक प्रस्ताव एवं प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा सीतारामपुर डैम, सतनाला डैम, भीमखंडा और सरायकेला स्थित श्मशान काली मंदिर समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने और नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। साथ ही पर्यटन स्थलों के आसपास संचालित होटल एवं अन्य प्रतिष्ठानों का नियमानुसार पंजीकरण सुनिश्चित कराने को कहा।
बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामद, जिला खेल पदाधिकारी-सह-जिला पर्यटन पदाधिकारी अमित कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय समेत पर्यटन संवर्धन समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।



