मुहर्रम पर्व को लेकर सरायकेला-खरसावां पुलिस की अपील, सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जारी किए गए दिशा-निर्देश, अफवाह फैलाने पर होगी प्राथमिकी
सरायकेला, 05 जुलाई : आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु आम जनता से सहयोग की अपील की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी अपील पत्र में जिलेवासियों से आग्रह किया गया है कि वे पर्व के अवसर पर सामाजिक एवं साम्प्रदायिक सौहार्द को हर हाल में कायम रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ गतिविधि से बचें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी समुदाय, व्यक्ति, धर्म या संस्था की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गाने, संदेश, वीडियो या सोशल मीडिया पोस्ट पर सख्ती से नजर रखी जा रही है। ऐसे किसी भी कृत्य को अपराध की श्रेणी में लाकर दोषियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 196/299 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
जिले में मुहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया या जुलूस केवल निर्धारित मार्गों और समयसीमा के अनुरूप ही निकाले जा सकेंगे। पुलिस ने आयोजनकर्ताओं से समन्वय में रहकर दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है।
सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक एवं साम्प्रदायिकता भड़काने वाली पोस्ट को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कहा है कि इस तरह की गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। झूठी जानकारी फैलाने वालों की सतत निगरानी की जा रही है और ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित कर आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने लोगों से यह भी अपील की है कि वे किसी भी अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9798302486 या डायल-112 पर तुरंत दें। सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि सरायकेला-खरसावां पुलिस आम जनमानस की सुरक्षा और सेवा के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाएं।



