कुयानी में गांव गणराज्य प्रखंड कमेटी का गठन, महेश्वर सिंह अध्यक्ष चुने गए
बोड़ाम, 04 अक्टूबर : पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत कुयानी पंचायत में रविवार को ग्राम सभा की बैठक आयोजित कर गांव गणराज्य प्रखंड कमेटी का गठन किया गया। बैठक में पंचायत एवं ग्राम सभा से जुड़े सदस्यों ने सर्वसम्मति से नई प्रखंड कमेटी का चयन किया।
कमेटी में महेश्वर सिंह को अध्यक्ष, संवर्धन हांसदा को सचिव तथा आनंदो हांसदा कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं अमृत हांसदा, राजकिशोर सिंह, विनय कुमार मंडल, रानू मुर्मू, ईश्वर सवर, रामचंद्र सोरेन, नागेंद्र मांझी, सुधीर सोरेन, रमेश मुर्मू, मोहन सोरेन और विश्वजीत सिंह को सदस्य बनाया गया। इसके अलावा जलन मार्डी, अजब सिंह और प्रफुल्ल सिंह को गांव गणराज्य सलाहकार सदस्य के रूप में प्रखंड कमेटी में शामिल किया गया।
बैठक में गांव गणराज्य लोक समिति, कोल्हान के संगठन संयोजक बृहस्पति सिंह सरदार ने संगठन के गठन, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन ग्राम सभा को मजबूत करने और संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप ग्रामीणों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्य करेगा।
इस दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शपथ भी दिलाई गई। शपथ के दौरान संविधान के प्रावधानों, पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम यानी पेसा कानून, नियमावली 2025, वन अधिकार कानून 2006 तथा पांचवीं अनुसूची क्षेत्र से संबंधित प्रावधानों के आधार पर संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही गई। संगठन की सदस्यता राशि 20 रुपये निर्धारित किए जाने के साथ वार्षिक एवं मासिक गतिविधियों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में बोड़ाम प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से आए ग्राम सभा सदस्यों ने भाग लिया। गांव गणराज्य प्रखंड नीमडीह के सचिव जन्मेंजय सिंह ने भी संगठन के गठन के उद्देश्य पर संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा को सशक्त बनाने के उद्देश्य से संगठन का गठन किया गया है।
बैठक में खांडू मांझी, कंचन हेंब्रम, चेतन हेंब्रम, भरत टुडू, आनंदो हांसदा, सुधारी सोरेन, छुटूलाल हांसदा, भिरगू हेंब्रम, रवींद्र नाथ सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।



