दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, भीड़ प्रबंधन से विसर्जन तक तैयारियों की समीक्षा
जमशेदपुर, 03 अक्टूबर : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में पूजा पंडालों से लेकर विसर्जन घाटों तक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों को पूजा पंडालों में भीड़ प्रबंधन, प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते, आपातकालीन मार्ग तथा सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। प्रमुख पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पार्किंग स्थल चिन्हित करने, जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्ग और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के आवागमन में किसी तरह की बाधा नहीं होनी चाहिए। नगर निकायों को पूजा पंडालों और आसपास नियमित सफाई, कचरा उठाव, प्रकाश व्यवस्था तथा पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बिजली और आग से सुरक्षा पर विशेष जोर
पूजा पंडालों और सार्वजनिक स्थलों पर विद्युत सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। खुले और असुरक्षित तारों की जांच कर संभावित जोखिम को तत्काल दूर करने तथा पूजा अवधि में निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी पूरी करने को कहा गया।
अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को भी प्रमुख पूजा स्थलों पर आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रखने तथा अस्पतालों में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
विसर्जन के दौरान रूट बदलने पर रोक
विसर्जन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पूजा समितियों को निर्धारित रूट का पालन करने का निर्देश दिया। विसर्जन घाटों पर वॉलंटियर की तैनाती करने को कहा गया, ताकि पुलिस-प्रशासन को भीड़ नियंत्रण में सहयोग मिल सके। नगर निकायों और जुस्को प्रबंधन को विसर्जन घाटों की सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब सहित प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, नगर निकाय, परिवहन, विद्युत और अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।



