गुमटी की आड़ में गांजा और नशीली सिरप का कारोबार, आरोपी गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

गुमटी की आड़ में गांजा और नशीली सिरप का कारोबार, आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर, 09 अगस्त : एमजीएम थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बालीगुमा एनएच-33 स्थित एक गुमटी में छापेमारी कर गांजा और प्रतिबंधित नशीली सिरप बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 2 किलो 60 ग्राम गांजा, कोडीन युक्त नशीली सिरप की सात बोतलें और 3,320 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाल ने बताया कि 8 अगस्त को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बालीगुमा में किया कार शोरूम के समीप स्थित एक गुमटी में बिस्किट और चॉकलेट की दुकान की आड़ में गांजा और प्रतिबंधित नशीली सिरप की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देश पर कार्रवाई की गई।

पुलिस उपाधीक्षक (पटमदा) दयानंद कुमार के नेतृत्व में एमजीएम थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सचिन कुमार दास के साथ छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने गुमटी की घेराबंदी कर मौके से नितेश कुमार झा उर्फ राजू झा (34) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गुमटी की तलाशी के दौरान अलग-अलग पैकेट में कुल 2.060 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसमें करीब 790 ग्राम गांजा छोटे-छोटे पुड़ियों में पैक किया गया था, जबकि 1.270 किलोग्राम गांजा हरे रंग की पॉलिथीन में रखा हुआ था।

इसके अलावा पुलिस ने ONEREX Codeine Phosphate Syrup की 100 एमएल की सात बोतलें, गांजा बिक्री से प्राप्त 3,320 रुपये, डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, 11 मिट्टी के चिलम और एक रेडमी स्मार्टफोन भी बरामद किया है।

पुलिस ने बरामद सभी सामानों को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर अन्य लोगों के साथ मिलकर गांजा के अवैध कारोबार में शामिल होने की जानकारी दी है। इसके बाद पुलिस इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच में जुट गई है।

इस मामले में एमजीएम थाना कांड संख्या 90/2026, दिनांक 8 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के अलावा NDPS Act की धारा 20(b)(ii)(B), 21(b), 22 और 29 तथा Drugs and Cosmetics Act की धारा 27(b)(ii) के तहत कार्रवाई शुरू की है।

Share This Article