भाटिया बस्ती में बेकाबू स्प्लेंडर ने दो वाहनों को मारी टक्कर, एक युवक घायल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

भाटिया बस्ती में बेकाबू स्प्लेंडर ने दो वाहनों को मारी टक्कर, एक युवक घायल

आदित्यपुर, 09 अगस्त : आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 11 स्थित भाटिया बस्ती में रविवार को तेज रफ्तार स्प्लेंडर बाइक की चपेट में आने से एक युवक घायल हो गया। बाइक सवार युवक ने कथित तौर पर रास्ते में दो वाहनों को टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्प्लेंडर बाइक सवार युवक तेज गति से बाइक चला रहा था। इसी दौरान उसने पहले एक वाहन और फिर दूसरे वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक के पैर में चोट आई है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

बताया जाता है कि स्थानीय लोगों ने बाइक सवार युवक को पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक सवार समेत दोनों पक्षों को थाने ले गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों का दावा है कि हादसे में शामिल स्प्लेंडर बाइक को करीब तीन दिन पहले ही किसी मामले में थाने से छुड़ाया गया था। वहीं, कुछ लोगों ने बाइक सवार के नशे की हालत में होने की आशंका भी जताई है। हालांकि, युवक के नशे में होने की पुलिस की ओर से फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करने और यदि बाइक सवार नशे की हालत में वाहन चला रहा था तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Share This Article