जियाडा क्षेत्र के लंबित मामलों के जल्द निष्पादन का निर्देश, अतिक्रमण और विधि-व्यवस्था पर प्रशासन सख्त

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जियाडा क्षेत्र के लंबित मामलों के जल्द निष्पादन का निर्देश, अतिक्रमण और विधि-व्यवस्था पर प्रशासन सख्त

सरायकेला, 26 सितंबर : आदित्यपुर स्थित जियाडा क्षेत्र से जुड़े भूमि, अतिक्रमण, लंबित पजेशन और विधि-व्यवस्था से संबंधित मामलों के समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जियाडा के क्षेत्रीय उप निदेशक, आदित्यपुर प्रमंडल दिनेश रंजन ने क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मामलों और उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। इसके बाद भूमि संबंधी प्रस्तावों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने राजस्व विभाग को संबंधित मामलों में नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

अतिक्रमण और लंबित पजेशन से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जियाडा को विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा। विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमित भूमि को नियमानुसार अतिक्रमणमुक्त कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्र की विधि-व्यवस्था की स्थिति पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित करने तथा विधि-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

नशा उन्मूलन को लेकर भी प्रशासन ने विशेष जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। संबंधित पदाधिकारियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक, वन प्रमंडल पदाधिकारी, नगर आयुक्त, अपर उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, सिविल सर्जन सहित प्रदूषण नियंत्रण पर्षद, पथ निर्माण, भवन निर्माण, पेयजल एवं स्वच्छता, विद्युत और अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य जियाडा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना रहा।

Share This Article