घाटशिला विधानसभा उपचुनाव : झामुमो एवं भाजपा के प्रत्याशी आज करेंगे नामांकन, शामिल होगे दिग्गज

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर, 17 अक्टूबर : घाटशिला में होने वाले विधानसभा उपचुनाव में राजनीतिक सरगर्मी अब तेज होती जा रही है। शुक्रवार को चुनाव लड़ने के लिए झामुमो के उम्मीदवार सोमेश सोरेन और भाजपा के प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन अपना नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे। घाटशिला अनुमंडल मुख्यालय में नामांकन करने के बाद दोनों उम्मीदवार विशाल जनसभा करेंगे। जिसमें कई नामचीन राजनीतिक दिग्गजों के शामिल होने का अनुमान लगाया जा रहा है। विदित हो ेकि राज्य के शिक्षा मंत्री रहे रामदास सोरेन के निधन के बाद घाटशिला सीट खाली हो गया था।

झामुमो ने इस सीट पर दिवंगत रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन को उम्मीदवार बनाया है, तो भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन को मैदान में उतारा है। बाबूलाल सोरेन बीते चुनाव में दूसरे स्थान पर थे। 2024 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन को झामुमो के उम्मीदवार रहे दिवंगत रामदास सोरेन ने 22,464 वोटों से पराजित किया था। अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित घाटशिला विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 11 नवंबर को मतदान होगा। मतों की गिनती 14 नवंबर को की जाएगी।

नामांकन के बाद शुक्रवार को होने वाली झामुमो की जनसभा में जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन सहित कई मंत्री, सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी के अलावा कांग्रेस के मंत्री व विधायक और गठबंधन दलों के नेता मौजूद रहेंगे। वहीं, भाजपा की जनसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू प्रमुख सुदेश महतो सहित कई सांसद, विधायक एवं गठबंधन दलों के नेता शामिल होंगे। नामांकन को लेकर घाटशिला में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।

Share This Article