22 से 27 सितंबर तक झारखंड में बदलेगा मौसम, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

22 से 27 सितंबर तक झारखंड में बदलेगा मौसम, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रांची, 22 सितंबर : बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 22 से 27 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

22 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गरज के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

23 सितंबर को बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है। राज्य के लगभग सभी हिस्सों में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो और धनबाद में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट बताया गया है।

24 सितंबर को दक्षिणी और मध्य झारखंड में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, रांची, गुमला और खूंटी में बारिश का अधिक असर देखने को मिल सकता है। वहीं पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह और लातेहार में भी भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवा और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी दी गई है।

25 सितंबर को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 26 सितंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। 27 सितंबर को भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने इस दौरान तेज हवा और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Share This Article