सिदगोड़ा में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, टाटा स्टील कर्मी के क्वार्टर से लाखों के जेवरात व नकदी गायब
जमशेदपुर, 22 सितंबर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। क्रॉस रोड नंबर-20 स्थित क्वार्टर संख्या एल-4/11 को चोरों ने निशाना बनाया। चोर घर से 30 हजार रुपये नकद समेत करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, उक्त क्वार्टर टाटा स्टील कर्मी सुब्रतो दास का है। उनकी पत्नी अंबिका दास पास के रामकृष्ण मिशन स्कूल में शिक्षिका हैं। घटना के समय सुब्रतो दास ड्यूटी पर थे, जबकि उनकी पत्नी स्कूल में थीं। दोपहर करीब 12:45 बजे सुब्रतो दास घर पहुंचे तो क्वार्टर का अंदरूनी दरवाजा खुला मिला। कमरे में सामान बिखरा हुआ था।
जांच करने पर पता चला कि चोरों ने घर में रखी दो अलमारियों के ताले तोड़ दिए थे। अलमारी से नकदी और जेवरात गायब थे। इसके बाद परिवार ने तत्काल सिदगोड़ा थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। फुटेज में संदिग्ध क्वार्टर के पीछे से अंदर प्रवेश करता और कुछ देर बाद बाहर निकलता दिखाई दे रहा है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान में जुटी है। चोरी गए सामान का भी आकलन किया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



