आरोप-प्रत्यारोप के बीच कुकड़ू में एक मंच पर आए वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधि, बना चर्चा का विषय

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो और पूर्व जिप उपाध्यक्ष अशोक कुमार साव उर्फ माझी साव ने फीता काटकर किया आठ दिवसीय गणेश मेला व भव्य पूजा पंडाल का उद्घाटन

कुकड़ू, 14 सितंबर : सरायकेला खरसावां जिला के कुकड़ू प्रखंड के हाटतोला में सोमवार को श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा समिति सोलोआना कुकड़ू की ओर से आयोजित आठ दिवसीय गणेश मेला एवं भव्य पूजा पंडाल का विधिवत उद्घाटन हुआ। जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो एवं पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार साव उर्फ माझी साव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर पूजा पंडाल एवं मेले का उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही कुकड़ू क्षेत्र में गणेशोत्सव की रौनक बढ़ गई।

हालांकि, धार्मिक आयोजन के बीच दोनों जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी का राजनीतिक पहलू भी चर्चा में रहा। हाल के दिनों में जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो और पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार साव उर्फ माझी साव के बीच विभिन्न मुद्दों को लेकर बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर देखने को मिला था। ऐसे माहौल के बीच दोनों का एक ही मंच पर साथ आना स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि कुकड़ू का गणेश मेला क्षेत्र के प्रमुख एवं भव्य आयोजनों में शामिल है। धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारा, एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का काम करते हैं। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मेले का आनंद लेने की अपील की।

वहीं पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार साव उर्फ माझी साव ने कहा कि कुकड़ू का गणेश मेला चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के बड़े गणेश मेलों में अपनी अलग पहचान बना रहा है। मेले की भव्यता के पीछे कुकड़ू क्षेत्र के लोगों की एकजुटता और सामूहिक प्रयास महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोगों की एकता और सहयोग को देखते हुए आने वाले समय में यह मेला पूरे झारखंड में अपनी अलग पहचान बनाएगा और राज्य के प्रमुख गणेश मेलों में शामिल होगा।

गणेश पूजा को लेकर समिति की ओर से भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया है। पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मेला परिसर में विभिन्न प्रकार की दुकानें, मनोरंजन के साधन एवं अन्य आकर्षण भी लगाए गए हैं। आठ दिनों तक चलने वाले आयोजन को लेकर समिति के सदस्यों एवं स्थानीय ग्रामीणों में खासा उत्साह है।

श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के साथ मेला परिसर में बेहतर व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

उद्घाटन समारोह में पूजा समिति के अध्यक्ष कृष्ण कुमार, सचिव मनोज कुमार मछुआ, धनंजय सिंह सरदार, उपाध्यक्ष शौरव सिंह, ठाकुर प्रसाद सिंह, नारायण गोप, कोषाध्यक्ष कार्तिक पोद्दार, विजय कुमार, चित्तरंजन कुमार, विपिन कुमार, काशीनाथ कुमार, सुमन पोद्दार, प्रवीर गोराई, कृष्णा पोद्दार, बसंत पोद्दार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Share This Article