सचिन ने पुलिस को बताया- आत्मसमर्पण नहीं करेगा एक करोड़ का इनामी असीम मंडल, दलमा में झारखंड-बंगाल पुलिस का सर्च ऑपरेशन

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

सचिन की निशानदेही पर हथियार बरामद करने का दावा

चांडिल/सरायकेला, 15 सितंबर : पश्चिम बंगाल पुलिस के समक्ष हाल में आत्मसमर्पण करने वाले पटमदा के झुझका निवासी राम प्रसाद माडीं उर्फ सचिन ने माओवादी संगठन और उसके दस्ते से जुड़ी कई अहम जानकारियां पुलिस को दी हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सचिन ने बताया है कि एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी नेता असीम मंडल उर्फ आकाश के आत्मसमर्पण करने की संभावना नहीं है। हालांकि, बढ़ती उम्र के कारण असीम मंडल की तबीयत खराब रहने की बात भी पुलिस के सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, सचिन ने बताया कि सारंडा क्षेत्र में पुलिस अभियान के बाद माओवादी दस्ते के सदस्य कुछ समय तक कुचाई के जंगलों में छिपे रहे। इसके बाद पुलिस का दबाव बढ़ने पर दस्ते के सदस्य दलमा, खूंटी, गिरिडीह, पुरुलिया समेत अलग-अलग इलाकों में चले गए।

सचिन की निशानदेही पर पश्चिम बंगाल की बाकुड़ा जिला पुलिस और सरायकेला-खरसावां पुलिस ने दो इंसास राइफल, 120 गोलियां, आठ मैगजीन, एक केन बम और पिट्ठू बैग बरामद करने का दावा किया है। बरामदगी के बाद भी पुलिस ने कई संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान जारी रखा।

इधर, सचिन को साथ लेकर पश्चिम बंगाल और झारखंड पुलिस ने बुरुहातु, जोराडील और चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा व आसनबनी क्षेत्र में भी छापेमारी की। इसके बाद सरायकेला-खरसावां पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस ने संयुक्त रूप से दलमा क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया है।

वहीं, जमशेदपुर पुलिस ने सीआरपीएफ के साथ मिलकर पटमदा, बोड़ाम और गालूडीह थाना क्षेत्रों में रातभर तलाशी अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने कोंकाधसा, बाटालूका, छोटा बांकी, बड़ा बांकी, कुयानी और कोयरा जंगल समेत कई इलाकों को खंगाला। हालांकि, तलाशी अभियान के दौरान असीम मंडल और उसके साथियों का कोई सुराग नहीं मिलने की बात पुलिस सूत्रों ने कही है।

पुलिस अब असीम मंडल के अलावा मंगल सिंह सरदार और मालती मुर्मू की तलाश में भी अभियान चला रही है। दोनों राज्यों की पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों की पहचान कर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

Share This Article