दुर्गा पूजा से पहले चालू हो जाएगा जामडीह आरओबी, 15 अक्टूबर तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

दुर्गा पूजा से पहले चालू हो जाएगा जामडीह आरओबी, 15 अक्टूबर तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य

नीमडीह, 06 सितंबर : चांडिल-पुरुलिया मार्ग पर पितकी रेलवे ओवरब्रिज चालू होने के बाद अब जामडीह रेलवे फाटक से भी लोगों को जल्द मुक्ति मिलने की उम्मीद जगी है। एनएचएआई ने जामडीह रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य 15 अक्टूबर तक पूरा कर आमजनों के लिए चालू करने का लक्ष्य रखा है। यदि बारिश या अन्य किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं हुई तो निर्धारित समय तक आरओबी के चालू होने की संभावना है।

जामडीह में बन रहे इस ओवरब्रिज की कुल लंबाई करीब एक किलोमीटर होगी, जबकि मुख्य ढांचे की लंबाई लगभग 650 मीटर है। आरओबी के निर्माण में कुल 20 पायों का इस्तेमाल किया जा रहा है। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

पितकी के बाद जामडीह फाटक से भी मिलेगी राहत

पितकी रेलवे ओवरब्रिज चालू होने के बाद चांडिल-पुरुलिया मार्ग पर यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। दशकों तक पितकी रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से स्कूली बच्चों, मरीजों, कामकाजी लोगों और दूसरे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती थी। अब पितकी के बाद जामडीह आरओबी भी चालू होने से चांडिल से पुरुलिया तक सफर और सुगम होने की उम्मीद है।

जामडीह आरओबी के चालू होने से जमशेदपुर, सरायकेला, चाईबासा, पुरुलिया, बलरामपुर, धनबाद और बोकारो समेत आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को रेलवे फाटक पर ट्रेन गुजरने के दौरान रुकने की समस्या से राहत मिलेगी। दुर्गा पूजा से पहले ओवरब्रिज चालू होने पर त्योहार के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए भी यह बड़ी राहत साबित हो सकती है।

Share This Article