जुगसलाई में दो समुदायों के बीच बवाल, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने की हवाई फायरिंग

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

मवेशी की बाछी चोरी होने के बाद बढ़ा विवाद, ईदगाह मैदान के पास देर रात तनाव – क्यूआरटी की दो टीमें तैनात

जमशेदपुर, 05 सितंबर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के ईदगाह मैदान के पास शुक्रवार देर रात मवेशी की बाछी चोरी होने के विवाद को लेकर दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी। सूचना के अनुसार पुलिस ने दो से तीन राउंड फायरिंग की।

प्रथम दृष्टया मिली जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के रामदास भट्ठा-ग्वालाबस्ती से एक गाय की बाछी चोरी हो गई थी। मवेशी मालिक उसकी खोजबीन करते हुए जुगसलाई पहुंचे। इसी दौरान उन्हें कथित तौर पर जानकारी मिली कि ईदगाह मैदान के पास स्थित सगुआ होटल में उक्त बाछी को लाया गया है। इसके बाद कुछ लोग वहां पहुंचकर पूछताछ करने लगे।

इसी दौरान दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। घटना की जानकारी फैलने के बाद गद्दी मोहल्ला और ग्वालाबस्ती से भी बड़ी संख्या में लोग ईदगाह मैदान की ओर पहुंचने लगे। भीड़ बढ़ने के साथ ही मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, बढ़ती भीड़ और तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। इसके बाद क्यूआरटी की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। डीएसपी सुमित कुमार समेत आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हवाई फायरिंग की, जिसके बाद लोगों को मौके से हटाया गया। समाचार लिखे जाने तक ईदगाह मैदान और आसपास के इलाके में पुलिस बल की तैनाती बनी हुई थी तथा स्थिति पर नजर रखी जा रही थी।

घटना के संबंध में पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बाछी के संबंध में भी पुलिस की जांच जारी है।

Share This Article