जिला समन्वय समिति की बैठक में विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

जिला समन्वय समिति की बैठक में विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश

जमशेदपुर, 19 अगस्त : समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, आधारभूत संरचना निर्माण और जनहित से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में राजकीय पारामेडिकल संस्थान और एमजीएम मेडिकल कॉलेज के भवन एवं छात्रावास निर्माण के लिए चिन्हित भूमि के हस्तांतरण, रिजनल वैक्सीनेशन सेंटर के नए भवन, केजीबीवी डुमरिया में पेयजल व्यवस्था तथा जुगसलाई कन्या उच्च विद्यालय में 11 अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। झारखंड मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना के तहत भुगतान से वंचित लाभुकों के सत्यापन और समस्याओं के निराकरण की भी समीक्षा की गई।

इसके अलावा विभिन्न प्रखंडों में आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने, मानगो उत्क्रमित पशु चिकित्सा केंद्र के संचालन के लिए वैकल्पिक भवन, डिमना चौक में डीवीसी की ईएचटी लाइन की ऊंचाई बढ़ाने के लिए मोनोपोल लगाने, आसनबनी में वाटर पाइपलाइन शिफ्टिंग तथा अवध डेंटल कॉलेज से बरसोल तक सड़क के दोनों ओर स्ट्रीट लाइट लगाने से संबंधित मामलों पर भी चर्चा हुई। मुसाबनी डिग्री कॉलेज की आवंटित भूमि पर बाउंड्री वॉल निर्माण और पाइपलाइन बिछाने के लिए एनओसी समेत अन्य आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की गई।

दिव्यांग बच्चों के नामांकन और बैंक खाते खोलने पर जोर

उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में छूटे हुए दिव्यांग बच्चों का सरकारी विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि सभी दिव्यांग बच्चों का नामांकन हो चुका है तो जिला शिक्षा अधीक्षक इस संबंध में प्रमाण पत्र समर्पित करें।

बैठक में बच्चों के बैंक खाते खोलने की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि करीब एक हजार बच्चों के बैंक खाते अब तक नहीं खुले हैं। उपायुक्त ने एलडीएम के साथ समन्वय कर विशेष अभियान चलाकर पात्र बच्चों के बैंक खाते खुलवाने का निर्देश दिया, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

खराब जलमीनारों की सूची बनाने का निर्देश

उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में खराब पड़े जलमीनारों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर उनकी मरम्मत कराने को कहा। साथ ही एमजीएम मेडिकल कॉलेज में आधारभूत संरचना से संबंधित मरम्मत कार्यों में तेजी लाने और लंबित कार्यों का विभागीय समन्वय के माध्यम से शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभागीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का आपसी समन्वय से समाधान कर योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक जल्द पहुंच सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, निदेशक एनईपी राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला, बीडीओ, सीओ एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article