

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी पहुंचे कपाली : एक परिवार–एक मतदान केंद्र पर जोर, पात्र नागरिकों का नाम जोड़ने और गलत प्रविष्टियों में सुधार का निर्देश
चांडिल, 14 अगस्त : मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के अभियान के बीच मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार शुक्रवार को खुद सरायकेला और ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचे। उन्होंने मतदान केंद्र क्षेत्रों का भौतिक निरीक्षण करने के साथ घर-घर जाकर मतदाताओं से सीधा संवाद किया और विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत चल रहे सत्यापन कार्य की जमीनी हकीकत जानी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ से प्रत्येक घर के सर्वेक्षण, मतदाताओं के सत्यापन और नए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अभियान महज कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहे, बल्कि प्रत्येक घर तक पहुंचकर पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने ‘होम-टू-रोल’ के साथ ‘एक परिवार–एक मतदान केंद्र’ व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के पात्र भारतीय नागरिकों के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में होने चाहिए। अलग-अलग बूथ या भाग में नाम दर्ज होने की स्थिति में फॉर्म-8 के माध्यम से सुधार कराया जाए।

उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से फॉर्म-6 और घोषणा पत्र के जरिए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की। वहीं, दूसरे राज्य की मतदाता सूची में दर्ज लेकिन अब सामान्य रूप से झारखंड में रहने वाले पात्र नागरिकों को फॉर्म-8 और घोषणा पत्र के माध्यम से नाम स्थानांतरित कराने की जानकारी दी।

के. रवि कुमार ने कहा कि पुनरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे और किसी विदेशी अथवा अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो। उन्होंने ईआरओ और एईआरओ को सभी आवेदनों एवं दस्तावेजों की निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच कर निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि निर्धारित प्रक्रिया और सक्षम प्राधिकारी के आदेश के बिना किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान ERO खरसावां विधानसभा सह अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, ERO सरायकेला विधानसभा सह एसडीओ अभिनव प्रकाश, उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह सहित संबंधित एईआरओ और जिला निर्वाचन कार्यालय के पदाधिकारी मौजूद रहे।



