पारिवारिक विवाद में पोते ने की दादी की हत्या, इलाज के दौरान मौत – बार बार बयान बदल रहा परिवार के सदस्य

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

कथित रूप से जमीन और रुपये को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद, घटना के बाद आरोपी फरार

नीमडीह, 09 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुरी कॉलोनी (स्टेशन बस्ती) में रविवार को पारिवारिक विवाद के दौरान एक बुजुर्ग महिला हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 67 वर्षीय सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी सुप्रीति मजूमदार के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी पोता मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, सुप्रित्रि मजूमदार का उनके पुत्र विप्लव मजूमदार के बेटे के साथ कथित तौर पर जमीन और रुपये को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि पोते ने अपनी दादी पर हमला कर दिया।

उस समय मृतका खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं। परिजन उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटनास्थल पर खून के निशान के अलावा टेबल पर चश्मा, पर्स और लाठी पड़ी मिली। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है।

मृतका की बहू ने बताया कि वह घटना के समय छत पर कपड़े सुखा रही थीं। इसी दौरान अचानक चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब वह नीचे आईं तो उनकी सास खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थीं।

घटना के बाद मृतका की बहू की तबीयत भी बिगड़ गई। उनकी छोटी बेटी उन्हें टेंपो से चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गई, जहां उनका इलाज कराया गया।

फिलहाल घटना के पीछे कथित जमीन और रुपये से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ-साथ पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।

गोली लगने की पुष्टि नहीं, परिवार के सदस्य बार बार बदल रहा बयान

पुलिस के अनुसार, शरीर में गोली लगने की निशान नहीं पाई गई है और न ही घटनास्थल की जांच में गोली का खोखा बरामद हुआ है। यानी कि गोली मारकर हत्या करने की बात अबतक अपुष्ट है। वहीं, पुलिस ने बताया कि मृतका के परिवार के सदस्य बार बार अपना बयान बदल रहे हैं। हत्या के पीछे की असली वजह भी अबतक अपुष्ट है।

Share This Article