
सड़क हादसे में मृत प्रवासी मजदूर के परिजन को मिला दो लाख का मुआवजा
पुरुलिया, 09 अगस्त : हैदराबाद में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पुरुलिया जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र के नेकरे गांव निवासी प्रवासी मजदूर विभीषण महतो के परिजनों को बंगाल सरकार की ओर से दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। शनिवार को बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जलधर महतो ने मृतक के परिजनों को मुआवजे की राशि का चेक सौंपा।
जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय विभीषण महतो परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और बेहतर मजदूरी की उम्मीद में करीब चार महीने पहले हैदराबाद गए थे। वहां वह भवन निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे। इसी दौरान 28 जुलाई को हुए सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
शनिवार को राज्य सरकार की ओर से मृत प्रवासी मजदूर के परिवार को दो लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इस दौरान विधायक जलधर महतो के अलावा बलरामपुर के बीडीओ किशोर मंडल और ब्लॉक लेबर ऑफिसर चैतन्य यशी मौजूद रहे। अधिकारियों और विधायक ने मृतक के परिजनों को चेक सौंपते हुए उनके प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस मौके पर विधायक जलधर महतो ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से मृत प्रवासी मजदूर के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों की समस्या क्षेत्र की गंभीर चुनौतियों में से एक है। स्थानीय स्तर पर पर्याप्त रोजगार और उचित मजदूरी के अवसर नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में मजदूर रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख करते हैं।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में उद्योग-धंधों और रोजगार के पर्याप्त अवसर विकसित नहीं होने के कारण लोगों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि नई सरकार के गठन के बाद औद्योगिक विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में पहल की जा रही है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों को काम की तलाश में दूसरे राज्यों में जाने की मजबूरी कम होगी।
इधर, दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता से शोकाकुल परिवार को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन हादसे में परिवार के कमाऊ सदस्य को खोने का दर्द अब भी बरकरार है। प्रशासन और विधायक की ओर से परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया गया।



