कोलकाता में जिंदगी की जंग हार गया आफताब, मौत की खबर मिलते ही बर्मामाइंस थाने का घेराव

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कोलकाता में जिंदगी की जंग हार गया आफताब, मौत की खबर मिलते ही बर्मामाइंस थाने का घेराव

जमशेदपुर, 04 अगस्त : बर्मामाइंस मुस्लिम बस्ती निवासी एमडी आफताब की कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल आफताब को पहले जमशेदपुर में प्राथमिक उपचार दिया गया था। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर किया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

आफताब की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक के साथ भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में बर्मामाइंस मुस्लिम बस्ती के लोग एकजुट होकर बर्मामाइंस थाना पहुंचे और थाना परिसर का घेराव करते हुए आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी तथा मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। घटना की सूचना पर थाना परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और घटना में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

आफताब की मौत से बर्मामाइंस मुस्लिम बस्ती में शोक की लहर है। परिजन और स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Share This Article