बनमाकड़ी पंचायत में बैंक और बेहतर मोबाइल नेटवर्क की मांग तेज, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने डीसी व बीएसएनएल जीएम से की बात

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

बनमाकड़ी पंचायत में बैंक और बेहतर मोबाइल नेटवर्क की मांग तेज, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने डीसी व बीएसएनएल जीएम से की बात

जमशेदपुर, 03 अगस्त : पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांधा प्रखंड अंतर्गत बनमाकड़ी पंचायत में बैंकिंग सुविधा शुरू कराने और मोबाइल नेटवर्क में सुधार की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पहल तेज कर दी है। इस संबंध में झामुमो के प्रखंड सचिव भुकाई सोरेन एवं अन्य पार्टी पदाधिकारियों ने झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।

ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कुणाल षाड़ंगी ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने बताया कि बनमाकड़ी समेत आसपास के हजारों ग्रामीणों को बैंकिंग कार्य के लिए ज्वल्काटा स्थित बैंक तक जाना पड़ता है, जिसमें पूरा दिन लग जाता है। कई बार बैंक पहुंचने पर नेटवर्क बाधित रहने के कारण लोगों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ता है। इसका सबसे अधिक असर बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद ग्रामीणों पर पड़ता है।

उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि इस संबंध में लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) को सर्वे कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत बैंकिंग संस्थानों से भी बातचीत की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बनमाकड़ी, मुराकाटी, अंगारपाड़ा और बालीजुड़ी पंचायतों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी उठाया। इस पर कुणाल षाड़ंगी ने बीएसएनएल के महाप्रबंधक से दूरभाष पर बात कर क्षेत्र में नया मोबाइल टावर स्थापित करने अथवा मौजूदा टावरों की सिग्नल क्षमता बढ़ाने का आग्रह किया, ताकि ग्रामीणों को संचार संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके।

बीएसएनएल के महाप्रबंधक ने आश्वासन दिया कि अगले सप्ताह विभाग के इंजीनियर गांव पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात करेंगे और नेटवर्क संबंधी समस्याओं का सर्वे कर उसके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

कुणाल षाड़ंगी की इस पहल पर ग्रामीणों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से लंबित बैंकिंग और मोबाइल नेटवर्क की समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।

Share This Article