ईचागढ़ में 3 किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, एक फरार – एसडीपीओ ने प्रेसवार्ता में किया खुलासा

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

चांडिल, 03 अगस्त : सरायकेला-खरसावां पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ईचागढ़ थाना क्षेत्र से तीन KG अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जबकि उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में सोमवार को चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिव प्रकाश कुमार ने प्रेसवार्ता आयोजित कर पूरे मामले की जानकारी दी।

एसडीपीओ ने बताया कि ईचागढ़ थाना कांड अंतर्गत रविवार को एनडीपीएस एक्ट की धारा 17/22/25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ईचागढ़ थाना क्षेत्र के डुमटांड़ से पातकुम जाने वाले मार्ग पर कुछ लोग अफीम की खरीद-बिक्री करने वाले हैं।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने डुमटांड़ चौक से पातकुम जाने वाले मार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को धर दबोचा, जबकि दूसरा फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईचागढ़ थाना क्षेत्र के बुरुहातु निवासी घासीराम साव के रूप में हुई है। उसकी तलाशी लेने पर तीन KG अफीम बरामद की गई। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

आरोपी के पास से पुलिस ने अफीम के साथ साथ एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक तराजू, वीवो कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल, पीले रंग का प्लास्टिक बोरा, होंडा एसपी-125 मोटरसाइकिल भी बरामद किया है।

छापेमारी दल में चांडिल के एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार, ईचागढ़ थाना प्रभारी वरुण यादव, पुलिस अवर निरीक्षक शशि भूषण सिंह मुंडा, सहायक अवर निरीक्षक सुरेश भगत तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

एसडीपीओ ने कहा कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article