उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की समीक्षा बैठक, श्रमाधान पोर्टल पर अधिकाधिक निबंधन एवं योजनाओं का समयबद्ध लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश
जमशेदपुर, 29 जुलाई : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, श्रमिकों के निबंधन, नियोजन गतिविधियों तथा कौशल विकास कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने श्रमाधान पोर्टल पर अधिकाधिक श्रमिकों का निबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा निबंधन प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जाए।
उपायुक्त ने श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश देते हुए कहा कि झारखण्ड असंगठित कर्मकार मृत्यु/दुर्घटना सहायता योजना, अंत्येष्टि सहायता योजना, मातृत्व प्रसुविधा योजना सहित अन्य योजनाओं के लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कर पात्र लाभुकों को समय पर लाभ उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में जिला नियोजन पदाधिकारी को जिले के अधिकाधिक बेरोजगार युवक-युवतियों का नियोजनालय में निबंधन बढ़ाने, नियमित रूप से रोजगार मेलों का आयोजन करने तथा निजी एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के साथ समन्वय स्थापित कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि विभाग के माध्यम से जिले के ऐसे युवाओं का अद्यतन डाटाबेस तैयार रखा जाए, जो राज्य अथवा अन्य राज्यों में रोजगार प्राप्त कर चुके हैं, ताकि रोजगार संबंधी सूचनाओं का प्रभावी संधारण एवं विश्लेषण किया जा सके।
कौशल विकास कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप अधिकाधिक युवक-युवतियों को विभिन्न ट्रेडों में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जाए तथा प्रशिक्षण उपरांत उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराने तथा रोजगार सृजन एवं कौशल विकास के क्षेत्र में बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले के युवाओं को अधिकतम लाभान्वित किया जाए। बैठक में श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।