जमशेदपुर, 23 जुलाई : राज्य सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देश के आलोक में उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार 02 जुलाई 2026 से 08 सितंबर तक जिले के सभी प्रखंडों एवं ग्राम पंचायतों में अलग-अलग तिथियों पर ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण हेतु विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज घाटशिला प्रखंड परिसर में जिला परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में कुल 309 आवेदकों ने आवेदन किया, जिनमें से निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण करने वाले 277 आवेदकों को लर्नर लाइसेंस प्रदान किया गया। शेष आवेदनों में आवश्यक दस्तावेजों अथवा अन्य निर्धारित मानकों की पूर्ति नहीं होने के कारण नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
शिविर में सफल अभ्यर्थियों को जिला परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी युनिका शर्मा, मोटरयान निरीक्षक निशांत कुमार महतो एवं ईश्वर लाल साव द्वारा लर्नर लाइसेंस प्रदान किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी अभ्यर्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सड़क सुरक्षा संबंधी पंपलेट एवं बुकलेट वितरित कर सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के लिए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में जिला परिवहन कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मचारी तथा सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य उपस्थित रहे।