20 साल बाद जागी उम्मीद – राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र में जल्द शुरू होगा नियमित प्रशिक्षण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 03 जुलाई : वर्षों से निष्क्रिय पड़े राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र को फिर से सक्रिय बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने ठोस पहल शुरू कर दी है। गुरुवार को अनुमंडल कार्यालय सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी सह कला केंद्र के सचिव अभिनव प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में केंद्र के पुनर्गठन, नियमित संचालन और प्रशिक्षण व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में तय किया गया कि केंद्र में आवश्यक पदों को चरणबद्ध तरीके से भरते हुए जल्द नियमित प्रशिक्षण प्रारंभ किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी को सरायकेला की विश्वविख्यात छऊ शैली का व्यवस्थित प्रशिक्षण मिल सके। साथ ही केंद्र के दीर्घकालीन संचालन के लिए संस्थागत ढांचा भी विकसित किया जाएगा।

अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने बताया कि फेलोशिप चयन समिति का गठन, सोसाइटी निबंधन अधिनियम के तहत संस्था का पंजीकरण, गवर्निंग बॉडी का गठन तथा विभिन्न सरकारी एवं अन्य स्रोतों से वित्तीय सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे कला केंद्र के विकास और संचालन को स्थायी आधार मिलेगा।

बैठक में कलाकारों ने प्रशिक्षकों की नियुक्ति, आधारभूत संरचना के विकास, कलाकार कल्याण योजनाओं तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सरायकेला छऊ के प्रचार-प्रसार से जुड़े सुझाव भी रखे, जिन पर प्रशासन ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।

नगर पंचायत अध्यक्ष एवं सरायकेला छऊ आर्टिस्ट एसोसिएशन के संरक्षक मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि कलाकार पिछले लगभग 20 वर्षों से कला केंद्र को पुनर्जीवित करने का प्रयास कर रहे थे। राज्य सरकार और जिला प्रशासन की पहल से अब इस दिशा में नई उम्मीद जगी है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रस्तावित कार्ययोजना से न केवल कला केंद्र को नई पहचान मिलेगी, बल्कि सरायकेला छऊ की गौरवशाली परंपरा को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई मजबूती मिलेगी।

Share This Article