खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर जिला प्रशासन की सख्ती, सापड़ा में वाहन जब्त, पांच वाहनों से ₹23 हजार जुर्माना

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल/आदित्यपुर, 25 जून : सरायकेला खरसावां जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने गुरुवार को संयुक्त जांच अभियान चलाया। उपायुक्त नितिश कुमार के निर्देश पर जिला खनन विभाग और गम्हरिया अंचल कार्यालय की टीम ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित सापड़ा बालू घाट में औचक निरीक्षण किया, जबकि बाद में पाटा टोल प्लाजा पर भी वाहनों की सघन जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान सापड़ा बालू घाट में किसी भी प्रकार की अवैध बालू उत्खनन गतिविधि संचालित नहीं पाई गई। हालांकि जांच के क्रम में एक वाहन को बिना वैध परिवहन चालान के बालू का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। अधिकारियों ने वाहन को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई के लिए आदित्यपुर थाना को सौंप दिया। जिला खनन विभाग द्वारा मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इसके बाद अपराह्न करीब चार बजे मोटरयान निरीक्षक के नेतृत्व में जिला खनन विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम ने पाटा टोल प्लाजा पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान खनिज लदे वाहनों में तिरपाल की अनिवार्यता, ओवरलोडिंग तथा वैध परिवहन दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जांच में विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर पांच वाहनों से कुल 23 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

उपायुक्त नितिश कुमार ने कहा कि जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से संयुक्त जांच अभियान चलाने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संपदा की सुरक्षा एवं राजस्व संरक्षण के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article