चांडिल में सड़क दुर्घटना – स्वास्थ्य विभाग कर्मी समेत दो युवक घायल, हाइवे किंग शेखर गांगुली ने दिखाई मानवता
चांडिल, 25 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड एनएच पर गुरुवार को हुई सड़क दुर्घटना में स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मी सहित दो युवक घायल हो गए। इनमें एक युवक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चांडिल बाजार जाने वाली सड़क पर साधन होटल और नए रेलवे अंडरपास के बीच टार्जन गैरेज के समीप दो बाइक सवारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। वहीं स्वास्थ्य विभाग के कर्मी संतोष सिंह भी घायल हुए हैं।
घटना के समय संयोगवश सामाजिक कार्यों और सड़क दुर्घटनाओं में तत्पर सहायता के लिए क्षेत्र में चर्चित “हाइवे किंग” शेखर गांगुली अपने निजी कार्य से चांडिल की ओर जा रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की। एम्बुलेंस का इंतजार करने के बजाय उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को अपने वाहन से तत्काल चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल सका।
अस्पताल में दोनों घायलों का इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार अज्ञात घायल युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है। वहीं स्वास्थ्य विभाग कर्मी संतोष सिंह की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि शेखर गांगुली पूर्व में भी कई सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। उनकी तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं।