बाल श्रम के खिलाफ संयुक्त छापेमारी, चार नाबालिग बच्चों का किया गया रेस्क्यू
आदित्यपुर, 19 जून : राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग (भारत सरकार) के निर्देश पर बाल श्रम के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को श्रम विभाग, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), चाइल्ड हेल्पलाइन, आरआईटी थाना तथा युवा संस्था की संयुक्त टीम ने आरआईटी थाना क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों में छापेमारी की। इस दौरान होटल एवं वॉशिंग सेंटर से चार नाबालिग बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया गया।
संयुक्त टीम ने गुरूबार को एनआईटी रोड स्थित रोहित स्वीट्स में छापेमारी कर दो नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया। वहीं, अंबेडकर चौक के समीप एक वॉशिंग सेंटर से भी दो नाबालिग बच्चों को मुक्त कराया गया। सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
अभियान के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों से पूछताछ की गई तथा उन्हें बाल श्रम निषेध कानून के उल्लंघन पर कड़ी चेतावनी देते हुए कानूनी कार्रवाई के लिए आवश्यक विवरण संकलित किया गया।
बाल कल्याण समिति के सदस्य सैयद अयाज़ हैदर ने कहा कि किसी भी प्रतिष्ठान में बाल श्रम अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से किसी भी प्रकार का कार्य कराना कानूनन अपराध है। साथ ही दुकानदारों एवं अन्य प्रतिष्ठानों के संचालकों को नाबालिग बच्चों को रोजगार पर नहीं रखने तथा इस संबंध में सूचना बोर्ड प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया।
छापेमारी अभियान में श्रम विभाग की लेबर इन्फोर्समेंट ऑफिसर (एलईओ) रूबी कुमारी, सीडब्ल्यूसी सदस्य सैयद अयाज़ हैदर, चाइल्ड हेल्पलाइन की कोऑर्डिनेटर कविता मिश्रा, युवा संस्था के मुकेश कुमार पांडेय, समीर कुमार महतो, सुखरंजन कुमार, बिट्टू प्रजापति तथा आरआईटी थाना के आनंद कुमार अपनी पेट्रोलिंग टीम के साथ मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि बाल श्रम के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।