चांडिल में अनियंत्रित ट्रक का कहर : एक की मौत, दो घायल, लोगों में आक्रोश

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

चांडिल में अनियंत्रित ट्रक का कहर : एक की मौत, दो घायल, लोगों में आक्रोश

चांडिल, 15 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने एनएचएआई के प्रति नाराजगी जताई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रांची की ओर से जमशेदपुर जा रहा एक ट्रक चिलगु मोड़ के समीप अचानक अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने सबसे पहले एक टाटा मैजिक वैन को टक्कर मार दी। इसके बाद सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में चिलगु निवासी जितेन दास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं टाटा मैजिक के चालक कालीपद गोप गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा चाकुलिया निवासी एक व्यक्ति को भी मामूली चोटें आई हैं। बताया गया कि वह मोटरसाइकिल से सड़क पार कर रहा था, तभी ट्रक की चपेट में आ गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि चिलगु में पिछले एक वर्ष से अधिक समय से फोरलेन सड़क को सिंगल लेन कर संचालित किया जा रहा है। यहां एक पुल के जर्जर होने के कारण नए पुल का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते मार्ग को वन-वे कर दिया गया है तथा चिलगु मोड़ पर बैरिकेडिंग की गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था और निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो अपने समर्थकों के साथ घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। हरेलाल महतो ने जिला प्रशासन और एनएचएआई से पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग करते हुए कहा कि जल्द से जल्द फोरलेन पर सामान्य यातायात बहाल किया जाए, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इधर, सूचना मिलते ही चांडिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Share This Article