नशा मुक्त झारखंड अभियान के तहत टीटीडीह में नुक्कड़ नाटक से किया गया जागरूक
राजनगर, 15 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत टीटीडीह गांव में “नशा मुक्त झारखंड” अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला स्वास्थ्य समिति, सरायकेला-खरसावां की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नाट्यकर्मियों ने निषिद्ध मादक पदार्थों एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक तथा आर्थिक दुष्परिणामों का प्रभावशाली मंचन किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए हानिकारक है। साथ ही उपस्थित लोगों को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला स्वास्थ्य समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध 10 जून से 26 जून 2026 तक राज्यव्यापी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वहीं विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 26 मई से 26 जून तक जिले के विभिन्न प्रखंडों में नुक्कड़ नाटक, जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण और अन्य गतिविधियों के माध्यम से लोगों को नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं और आने वाली पीढ़ी को मादक पदार्थों के सेवन से दूर रखने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों से नशा मुक्त झारखंड अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।