अवैध स्क्रैप कारोबार पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, SDO की ताबड़तोड़ छापेमारी में कंपनियों का मटेरियल, वाहन कटिंग उपकरण और नंबर प्लेट बरामद
आदित्यपुर, 20 मई : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को अवैध स्क्रैप कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन स्क्रैप टालों पर एक साथ छापेमारी की। सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) अभिनव प्रकाश के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से स्क्रैप कारोबारियों में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में कंपनियों का मटेरियल, कटे हुए वाहनों के पार्ट्स, गैस सिलेंडर, नंबर प्लेट और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई। प्रशासन की पहली कार्रवाई आर आई टी मोड़ के समीप स्थित एक स्क्रैप टाल में हुई। यहां बड़ी मात्रा में स्क्रैप के साथ चारपहिया वाहनों की कटिंग से जुड़े सामान, वाहनों के डाले, नंबर प्लेट तथा गैस कटर बरामद किए गए। जांच के दौरान यह सामने आया कि गैस कटर के जरिए वाहनों को काटने का काम किया जा रहा था। दूसरी छापेमारी शेरे पंजाब चौक के समीप संचालित स्क्रैप टाल में की गई। यहां से भी भारी मात्रा में स्क्रैप, वाहनों के टायर, गैस सिलेंडर और अन्य सामग्री मिली। इसके बाद प्रशासन की टीम ने आदित्यपुर थाना के ठीक पीछे चल रहे तीसरे स्क्रैप टाल में दबिश दी, जहां अवैध रूप से जमा स्क्रैप देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। SDO अभिनव प्रकाश ने तीनों स्क्रैप टाल संचालकों से लाइसेंस और स्क्रैप से संबंधित सभी वैध कागजात प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। साथ ही संबंधित भूमि मालिकों को भी नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया है। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि बरामद स्क्रैप चोरी का है या कंपनियों से अवैध तरीके से खरीदा गया है। SDO ने स्पष्ट कहा कि बिना वैध लाइसेंस और कागजात के संचालित स्क्रैप टालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में अवैध स्क्रैप कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं। लोगों का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से चोरी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगेगी।