खरकई में मिली मासूम की लाश, इंसानियत पर उठे सवाल – बड़ौदा घाट के पास नदी में तैरता मिला नवजात का शव, बागबेड़ा और आरआईटी थाना पुलिस जांच में जुटी
जमशेदपुर, 20 मई : बागबेड़ा स्थित खरकई नदी बुधवार को उस समय चर्चा का केंद्र बन गई, जब बड़ौदा घाट के पास नदी में एक नवजात बच्चे का शव तैरता हुआ मिला। मासूम की लाश मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घाट की ओर जुटने लगे।
जानकारी के अनुसार, सुबह कुछ लोग नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैर रहे नवजात के शव पर पड़ी। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं घटनास्थल सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र से भी सटा होने के कारण वहां की पुलिस भी जांच के लिए पहुंची।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नवजात का शव क्षत-विक्षत अवस्था में था, जिससे लोगों में दहशत और दुख का माहौल बन गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव नदी के बहाव के साथ किसी दूसरे इलाके से बहकर यहां पहुंचा हो सकता है। वहीं पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कहीं सामाजिक भय, लोकलाज या अन्य कारणों से नवजात को नदी में तो नहीं फेंका गया।
दोनों थानों की पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने, हाल में हुए प्रसव मामलों की पड़ताल करने और शव की पहचान से जुड़े हर पहलू की जांच में जुटी हुई है। घटना ने एक बार फिर समाज में नवजातों की सुरक्षा और संवेदनशीलता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।