कुचाई के मुंडादेव गांव में वज्रपात से महिला की मौत, एक घायल

Manbhum Updates
2 Min Read

कुचाई के मुंडादेव गांव में वज्रपात से महिला की मौत, एक घायल

कुचाई, 12 मई : सरायकेला – खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड क्षेत्र में हुई वज्रपात की घटना में एक महिला की मृत्यु हो गई, जबकि एक व्यक्ति वज्रपात की चपेट में ाआकर झुलस गया। घायल व्यक्ति का इलाज कुचाई के अस्पताल में चल रहा है। मिली जानकार के अनुसार कुचाई प्रखंड क्षेत्र के मुंडादेव गांव में सोमवार की शाम वज्रपात होने से मुंडादेव गांव निवासी 45 वर्षीय पार्वती कुई की मृत्यु हो गई, जबकि 62 वर्षीय चिंता हेंब्रम वज्रपात की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गए।

बताया जा रहा है कि पार्वती कुई रोज की तरह सोमवार को भी मुंडादेव चौक के पास अपने झोपड़ीनुमा दुकान में हंडिया बेच रही थी। इसी दौरान देर शाम अचानक वज्रपात हुआ। वज्रपात की चपेट में आकर पार्वती कुई बेसुध होकर गिर गई। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। इसी क्रम में बज्रपात के चपेट में आने से चिंता हेंब्रम नामक व्यक्ति भी झूलस गया। चिंता हेंब्रम का कुचाई के अस्पताल में ईलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार चिंता हेंब्रम की स्थिति खतरे से बाहर है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद कुचाई की अंचल अधिकारी सुषमा सोरेन ने मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सरकारी प्रावधान के अनुसार आपदा प्रबंधन के तहत मृतक की परिजनों को चार लाख की राशि प्रदान की जाएगी। वहीं घटना की सूचना मिलते ही कुचाई थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा मुंडादेव गांव पहुंचे और मृतका पार्वती कुई के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोष्टमाटम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेजा। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। वहीं प्रशासन ने लोगों से सर्तकता बरतने की अपील की है।

Share This Article