बाघमुंडी में जनसैलाब देख अभिषेक बनर्जी का दावा – “जनता ने तय कर लिया, सुषांत महतो ही होंगे प्रतिनिधि”

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

पुरुलिया/बाघमुंडी, 31 मार्च : तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को बाघमुंडी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा के बाद बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। उन्होंने दावा किया कि जनसभा में उमड़े जनसैलाब और उत्साह ने यह स्पष्ट कर दिया है कि क्षेत्र की जनता ने तृणमूल प्रत्याशी सुषांत महतो को अपना प्रतिनिधि चुनने का मन बना लिया है। अभिषेक बनर्जी ने पुरुलिया की जमीन को स्वाभिमानी बताते हुए कहा कि यहां के लोग बाहरी ताकतों के सामने कभी झुकते नहीं हैं। उन्होंने “मां-माटी-मानुष” की सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए दावा किया कि राज्य सरकार के विकास कार्यों ने पूरे बंगाल को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया है।

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली की सत्ता एजेंसियों जैसे ईडी, सीबीआई और एनआईए का दुरुपयोग कर रही है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस और सीपीएम को भाजपा की “बी-टीम” बताते हुए कहा कि ये दल जनता को भ्रमित कर भाजपा के लिए रास्ता साफ कर रहे हैं।

अभिषेक बनर्जी ने यह भी कहा कि बंगाल में सांप्रदायिक विभाजन फैलाने की कोशिश करने वालों और राज्य की सामाजिक योजनाओं, खासकर “लक्ष्मी भंडार”, को बंद करने की मंशा रखने वालों को जनता आगामी चुनाव में करारा जवाब देगी।

गौरतलब है कि सोमवार को बाघमुंडी में आयोजित इस जनसभा में भारी भीड़ उमड़ी थी, जिसे तृणमूल कांग्रेस अपने पक्ष में मजबूत जनसमर्थन के संकेत के रूप में देख रही है।

Share This Article