झारखंड से गौरव वल्लभ हो सकते हैं भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नामांकन में शामिल होने की चर्चा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

झारखंड से गौरव वल्लभ हो सकते हैं भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नामांकन में शामिल होने की चर्चा

रांची, 5 जून: झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से राज्यसभा उम्मीदवार के नाम को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य गौरव वल्लभ को भाजपा झारखंड से राज्यसभा का उम्मीदवार बना सकती है।
हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में गौरव वल्लभ के नाम की चर्चा जोरों पर है। बताया जा रहा है कि शनिवार को होने वाले नामांकन कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल हो सकते हैं।
जानकारी के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का शनिवार को झारखंड दौरा प्रस्तावित है। ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वे स्वयं राज्यसभा उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर सकते हैं तथा नामांकन प्रक्रिया में भी उपस्थित रह सकते हैं।
भाजपा की ओर से अभी अंतिम निर्णय और आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन पार्टी संगठन और राजनीतिक हलकों में गौरव वल्लभ का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। यदि उनके नाम पर मुहर लगती है तो यह झारखंड की राजनीति में भाजपा की ओर से एक महत्वपूर्ण रणनीतिक कदम माना जाएगा।
राज्यसभा चुनाव को लेकर सभी दल अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं और अब सबकी निगाहें भाजपा की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई हैं।

Share This Article