जनता दरबार में पहुंचीं जनसमस्याएं, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जनता दरबार में पहुंचीं जनसमस्याएं, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान

सरायकेला, 02 जून : समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं।

जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों पर उपायुक्त ने त्वरित संज्ञान लेते हुए कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया, जबकि अन्य मामलों के नियमानुसार एवं समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए निष्पक्ष जांच और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

जनता दरबार में चिन्हित झारखंड आंदोलनकारियों के आश्रितों को सम्मान राशि प्रदान करने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ बहाल करने, ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के मानिकुई-कटिया सड़क मरम्मत कार्य के दौरान नियमित पानी छिड़काव सुनिश्चित करने, तमोलिया पंचायत में आदिवासी धार्मिक स्थल जाहेरस्थान की घेराबंदी कराने, उत्क्रमित मध्य विद्यालय आगासिया में मध्यान्ह भोजन मद की राशि में कथित अनियमितता की जांच, भूमि विवाद, राशन कार्ड, पेंशन तथा अन्य जनहित से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही सभी विभागीय पदाधिकारियों को जनशिकायतों के प्रति संवेदनशील रहते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Share This Article