चांडिल में रामनवमी की धूम : भव्य शोभायात्रा, शौर्य प्रदर्शन और भक्ति के जयकारों से गूंजा क्षेत्र

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

चांडिल, 27 मार्च : भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार को चांडिल क्षेत्र पूरी तरह भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धा और शक्ति के इस पर्व पर एक ओर मंदिरों में मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना हुई, वहीं दूसरी ओर सड़कों पर भव्य शोभायात्रा और अखाड़ों के शौर्य प्रदर्शन ने लोगों को आकर्षित किया।

 

सुबह से ही चैत्र नवरात्र और रामनवमी को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा। पूरा क्षेत्र केसरिया ध्वजों से सजा रहा और ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा।

 

श्री राम सनातन समिति की भव्य शोभायात्रा

 

श्री राम सनातन समिति के तत्वावधान में चांडिल में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आकर्षक झांकियों, भगवा ध्वज और जयघोष के बीच शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना दिया।

 

जुलूस में दिखा पारंपरिक शौर्य

 

शोभायात्रा में युवाओं ने तलवार, लाठी और अन्य पारंपरिक शस्त्रों के साथ शामिल हुए। शोभा यात्रा चांडिल स्टेशन के नजदीक उगडीह दुर्गा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर एनएच 18 होते हुए चांडिल रेलवे बाईपास तक गया और समाप्त हुआ। हालांकि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष अपेक्षाकृत भीड़ कम देखी गई।

 

प्रशासनिक मुस्तैदी

 

पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जगह-जगह पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात रहे तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों का सहयोग देखने को मिला।

 

पूरे आयोजन में सामूहिक सहभागिता और अनुशासन ने कार्यक्रम को सफल और शांतिपूर्ण बनाने में अहम भूमिका निभाई। रामनवमी के इस आयोजन ने चांडिल में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।

Share This Article