ईचागढ़, 27 मार्च : सरायकेला-खरसावां जिला के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में करकरी नदी से मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से युवक की हत्या कर शव को नदी में फेंकने की बात स्वीकार की है।
जानकारी के अनुसार, 14 मार्च को ईचागढ़ पातकुम पुल के नीचे करकरी नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ था। बाद में शव की पहचान आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सातबहिनी निवासी सूरज यादव उर्फ गोलू यादव के रूप में हुई। इस संबंध में मृतक के पिता राम सुरेश राय के लिखित आवेदन के आधार पर ईचागढ़ थाना में 16 मार्च 2026 को अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीन आरोपी सुमित कुमार, अभिषेक तंतुबाई उर्फ खेटु और पिंटू दिग्गी उर्फ जोगी को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की साजिश रचकर घटना को अंजाम देने तथा साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को करकरी नदी में फेंकने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का बजाज मैक्सिमा टेम्पो (संख्या JH05AB 4830), रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन तथा हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार सभी आरोपी आदित्यपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल अरविंद कुमार बिन्हा, थाना प्रभारी बजरंग महतो सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।