हत्या में प्रयुक्त खून लगी करनी बरामद, पुलिस ने आरोपी को भेजा न्यायिक हिरासत में
चांडिल 19 सितंबर : सरायकेला खरसावां जिला के चौका थाना क्षेत्र के तुलग्राम में हथियार से की गई हत्या के मामले में चौका पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड के प्राथमिकी अभियुक्त मधु सिंह सरदार (34) को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से हत्या में प्रयुक्त खून लगी करनी भी बरामद की है।
चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार ने प्रेस वार्ता आयोजित कर जानकारी देते हुए बताया कि तुलग्राम निवासी दुर्गा चरण सरदार ने चौका थाना में लिखित आवेदन देकर अपने बड़े पिताजी आनंद सिंह सरदार की हथियार से हत्या किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में मधु सिंह सरदार के खिलाफ चौका थाना में दिनांक 17 सितंबर को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 18 सितंबर की रात मधु सिंह सरदार को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से हत्या में प्रयुक्त करनी बरामद की गई, जिस पर खून लगा हुआ था।
कार्रवाई में चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक प्रकाश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक केशनाथ प्रसाद, सहायक अवर निरीक्षक श्रीधर प्रसाद यादव तथा चौका थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को मामले में त्वरित अनुसंधान और गिरफ्तारी के तौर पर देखा जा रहा है।



