
जमशेदपुर, 22 मार्च : शहीद दिवस के अवसर पर शहर में देशभक्ति और मानव सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां एक ओर महान स्वतंत्रता सेनानियों भगत सिंह, शिवराम राजगुरु और सुखदेव थापर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, वहीं दूसरी ओर रक्तदान शिविर के माध्यम से जरूरतमंदों के लिए जीवनदान का संदेश दिया गया।
इस विशेष अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने 87वीं बार रक्तदान कर समाज सेवा के प्रति अपनी गहरी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। उनका यह कदम उपस्थित युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना।
शिविर का आयोजन जमशेदपुर ब्लड वॉरियर्स के सहयोग से गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, सोनारी एवं सिख नौजवान सभा, सोनारी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार बलबीर सिंह और महासचिव सरदार गुरदयाल सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस मौके पर कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि शहीदों के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें और मानव सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे रक्तदान जैसे नेक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य न केवल शहीदों की स्मृति को सम्मान देना था, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी रहा।



