बिरसा मुंडा स्टेडियम में होगी गृह रक्षकों की शारीरिक व लिखित परीक्षा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

बिरसा मुंडा स्टेडियम में होगी गृह रक्षकों की शारीरिक व लिखित परीक्षा

सरायकेला, 07 मार्च : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सरायकेला-खरसावां द्वारा जारी आम सूचना के अनुसार झारखंड गृह रक्षा वाहिनी के अंतर्गत विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत ग्रामीण एवं शहरी गृह रक्षकों के नव नामांकन के लिए पात्र अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच परीक्षा एवं लिखित परीक्षा का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है।

 

प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी तथा दावा–आपत्ति के निष्पादन के बाद पात्र अभ्यर्थियों को अपने-अपने प्रखंड के लिए निर्धारित तिथि पर प्रातः 5 बजे बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला स्थित परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना अनिवार्य होगा। सभी अभ्यर्थियों को आवेदन की पावती रसीद तथा पहचान पत्र (आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट में से कोई एक मूल प्रति) साथ लाना अनिवार्य किया गया है।

 

जारी कार्यक्रम के अनुसार कुकड़ू प्रखंड के 888 अभ्यर्थियों की परीक्षा 17 मार्च, कुचाई के 1189 अभ्यर्थियों की 18 मार्च, गम्हरिया के 1086 अभ्यर्थियों की 19 मार्च को होगी। वहीं ईचागढ़ प्रखंड के 1535 अभ्यर्थियों की परीक्षा 23 व 24 मार्च को तथा चांडिल प्रखंड के 1149 अभ्यर्थियों की परीक्षा 28 मार्च को आयोजित की जाएगी।

 

इसी प्रकार राजनगर प्रखंड के 1778 अभ्यर्थियों की परीक्षा 1 व 2 अप्रैल, सरायकेला के 1317 अभ्यर्थियों की 4 अप्रैल, खरसावाँ के 1291 अभ्यर्थियों की 6 अप्रैल तथा नीमडीह के 1168 अभ्यर्थियों की परीक्षा 7 अप्रैल को होगी। शहरी गैर-तकनीकी वर्ग के 293 अभ्यर्थियों की परीक्षा 8 अप्रैल तथा तकनीकी वर्ग के 172 अभ्यर्थियों की परीक्षा 9 अप्रैल को आयोजित की जाएगी।

 

प्रशासन ने बताया कि कुछ अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन में अंकित प्रखंड और स्थानीय निवास प्रमाण पत्र में दर्ज प्रखंड अलग पाए गए हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को उनके निवास प्रमाण पत्र में अंकित प्रखंड के आधार पर संबंधित रिक्तियों के विरुद्ध माना गया है। इसलिए सभी अभ्यर्थी प्रकाशित मास्टरशीट में अपना नाम, निबंधन संख्या व अन्य विवरण का मिलान कर निर्धारित तिथि पर परीक्षा में शामिल होना सुनिश्चित करें।

Share This Article