अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक में प्रशासन सख्त, मुख्य सचिव के आदेशों पर जोर

चांडिल, 02 मार्च : अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक में मुख्य सचिव के आदेशों को सुनाते हुए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व-त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि क्षेत्र में पुलिस लगातार भ्रमणशील (पेट्रोलिंग) रहेगी, ताकि विधि-व्यवस्था बनी रहे और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा सके।
संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों की जांच तेज करने के निर्देश दिए गए। वही सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रखने की बात कही गई। लोगों से अपील की गई की सोशल मीडिया पर किसी प्रकार का अफवाह ना फैलाएं।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि होली पर अनुमंडल क्षेत्र में शराब की बिक्री व सेवन पूरी तरह बंद रहेगा। अवैध शराब के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया गया। बैठक में चांडिल बाजार में साफ-सफाई का मुद्दा सबसे प्रमुख रूप से छाया रहा। बताया गया कि सड़क पर बहती नाला के गंदे पानी से राहगीर परेशान हैं।
इसके अलावा बैठक में चांडिल बाजार में साफ-सफाई, गौरांगकोचा में सड़क पर झूलते बिजली के तार, रेलवे फाटक के लंबे समय तक बंद रहने, अबाध बिजली व जलापूर्ति, घाटों पर गोताखोरों की तैनाती, हर प्रखंड व अनुमंडल में कंट्रोल रूम की स्थापना तथा पाटा टोल एवं लुपुंगडीह टोल पर एंबुलेंस की तैनाती जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी बिंदुओं पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर त्वरित कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम जनता को सुरक्षित, स्वच्छ और सुचारु व्यवस्था मिल सके। बैठक शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।



