सामुदायिक पुलिसिंग के तहत दुबराजपुर में एकदिवसीय फुटबॉल/हॉकी मैच का आयोजन
नाइन स्टार ने मुर्मू सपोर्टिंग को तीन गोल से हराया

चांडिल, 02 मार्च : चौका पंचायत अंतर्गत ग्राम दुबराजपुर में सोमवार को सामुदायिक पुलिसिंग के तहत एक दिवसीय फुटबॉल एवं हॉकी मैच का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक चांडिल, चौका थाना प्रभारी एवं थाना में पदस्थापित/प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी, साथ ही क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने एवं पुलिस – जनसंपर्क को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मैच के उपरांत खिलाड़ियों के बीच खेल से संबंधित किट एवं जर्सी का वितरण किया गया। अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक जीवन मूल्यों को भी बढ़ावा देता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने सामुदायिक पुलिसिंग की इस पहल की सराहना की और ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की। आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



